--
प्राधिकरण की अनदेखी से ग्रेनो वेस्ट की सड़कें खस्ताहाल
- 130 व 60 मीटर चौड़ी सड़क के अलावा सेक्टर के अंदर की सड़कें बुरी तरह टूटी
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण की अनदेखी और लापरवाही से ग्रेनो वेस्ट की सड़कें का हाल बेहाल है। 130 मीटर व 60 मीटर चौड़ी सड़क के अलावा सेक्टर के अंदर की सड़कें बुरी तरह टूटी चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं, जो कभी भी जानलेवा साबित हो सकते हैं। इसको लेकर स्थानीय निवासी परेशान हैं और रोजाना ई-मेल और ट्विटर पर मुख्यमंत्री से शिकायत कर रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा से ग्रेनो वेस्ट के बीच 130 मीटर रोड बनी है, जो बुरी तरह टूट चुकी है। जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान पानी भरने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसा ही हाल 60 मीटर रोड का है। किसान चौक से बिसरख की तरफ आने वाली इस सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। पुलिस लाइन तक सड़क का ऐसा ही हाल है। वहीं हबीबपुर गांव के बाहर वाली उस सड़क का भी बुरा हाल है, जो दादरी-सूरजपुर-छलेरा रोड को 60 मीटर रोड से जोड़ती है। सुथ्याना के पास ही सड़क की हालत काफी खराब है।
यहां भी टूटी हैं सड़कें
पंचशील ग्रीन्स सोसायटी के बाहर की सर्विस रोड, इको विलेज दो व वन के पास, गौड़ सिटी दो को जाने वाली सड़क, चेरी काउंटी के पास, गैलेक्सी वेगा से आगे, सेक्टर-16 में पेट्रोल पंप वाली सर्विस रोड, वेलेंसिया होम्स सोसायटी के पास, सुपरटेक इको विलेज वन व अरिहंत गार्डेन के बीच की 24 मीटर रोड समेत अन्य सड़कों का भी बुरा हाल है।
कहां गया मुख्यमंत्री योगी का वादा
स्थानीय निवासी विवेक अग्रवाल का कहना है कि पिछले साल मुख्यमंत्री योगी ने मानसून से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त करने का वादा किया था। वादे के बाद यह दूसरा मानसून है लेकिन अभी तक सड़कों की स्थिति वैसी ही है। वहीं मनीष कुमार का कहना है कि प्राधिकरण से बार-बार शिकायत की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। हर बार जल्द टेंडर निकालने का आश्वासन दिया गया। अभी भी यहीं हाल है। अब आईजीआरएस पोर्टल, ई-मेल व ट्विटर के माध्यम से मुख्यमंत्री से शिकायत की जा रही है। मिहिर गौतम का कहना है कि गड्ढों के कारण किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।