हेडिंग: लखनावली गांव में तीन बिल्डिंग सील
सबहेड: ग्रेनो प्राधिकरण ने की कार्रवाई, जल्द जारी करेगा नोटिस, सात दिन में गिरानी होगी
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण ने लखनावली गांव में बुधवार को तीन निर्माणाधीन बिल्डिंग को सील कर दिया। जल्द ही दोनों बिल्डर को नोटिस जारी करके सात दिन में बिल्डिंग गिराने का समय दिया जाएगा।
शाहबेरी की घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण पर रोक लगाने की कार्रवाई कर रहा है। शाहबेरी के बाद बुधवार को प्राधिकरण ने लखनावली गांव में बड़ी कार्रवाई की है। यहां तीन बिल्डिंग को सील किया है। इनमें से दो बिल्डिंग उमर माजिद और एक बिल्डिंग अजीब उर्र रहमान की है। दो बिल्डिंगें पांच-पांच मंजिल बन चुकी हैं, जबकि एक बिल्डिंग चार मंजिल तक बनी है, पांचवीं मंजिल बनाने का काम चल रहा था। तीनों बिल्डिंग में 20-20 फ्लैट हैं। प्राधिकरण के डीजीएम एके अरोड़ा ने बताया कि जल्द ही दोनों बिल्डर को नोटिस जारी किया जाएगा। सात दिन में बिल्डिंग गिराने का समय दिया जाएगा। ऐसा नहीं करने पर प्राधिकरण बिल्डिंग को गिराने की कार्रवाई करेगा और उस पर आने वाले खर्च को दोनों बिल्डर से वसूलेगा। तीनों बिल्डिंग में काफी फ्लैटों की बुकिंग हो चुकी है।
नोटिस व एफआईआर का भी नहीं हुआ असर
प्राधिकरण ने लखनावली गांव में बहुमंजिला इमारत बना रहे दोनों बिल्डर अजीब उर्र रहमान व उमर माजिद एक साल पहले नोटिस जारी कर निर्माण को रोकने का आदेश दिया था। साथ हीख् एफआईआर भी दर्ज करवाई थी, लेकिन बिल्डरों पर प्राधिकरण की इस चेतावनी व कार्रवाई को कोई असर नहीं हुआ। बिल्डरों ने फिर से निर्माण शुरू कर दिए। इन तीनों में कुछ खरीदारों ने पैसे भी लगा रखे हैं, लेकिन बिल्डर ने फिलहाल संख्या नहीं बताई है।
शाहबेरी में 35 और बिल्डिंग खतरनाक, होंगी सील
प्राधिकरण की टीम शाहबेरी गांव में सभी बिल्डिंग का सर्वे कर रही है। अभी तक के सर्वे में 35 बिल्डिंग को चिह्नित किया गया है। इन बिल्डिंग को भी गिराया जाएगा। जल्द ही प्राधिकरण इन सभी बिल्डिंग को सील करने की कार्रवाई करेगा। इससे पहले प्राधिकरण एक बिल्डिंग को सील कर चुका है। जबकि 30 से अधिक बिल्डिंग पर नोटिस चस्पा कर खाली करने का आदेश जारी कर चुका है।