आईटीपीओ ने नेत्रहीन छात्रों को समर्पित किया नया हॉस्टल ब्लॉक
- अंध विद्यालय में आईटीपीओ ने बनाया हॉस्टल और टॉयलेट ब्लॉक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन द्वारा पंचकुइया रोड स्थित अंध विद्यालय में बनाया गया हॉस्टल और टॉयलेट ब्लॉक मंगलवार को छात्रों को समर्पित किया गया। इस मौके पर छात्रों के चेहरों पर खुशी दिखाई। इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन के मुख्य प्रबंध निदेशक एवं अध्यक्ष सी एल गोयल ने अंध विद्यालय के हॉस्टल और टॉयलेट ब्लॉक का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आईटीपीओ समाज कल्याण और गरीबों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है, इसी के चलते पंचकुइया रोड स्थित अंध विद्यालय में पढ़ने वाले गरीब बच्चों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए वर्ष 2015-2016 में नए हॉस्टल ब्लॉक बनाने के लिए 52 लाख रुपये की राशि घोषित की गई थी। फरवरी 2017 में इस हॉस्टल ब्लॉक का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। यह हॉस्टल ब्लॉक भूतल, पहली और दूसरी मंजिल पर तैयार किया गया है। इस मौके पर शैक्षणिक संस्थान के अध्यक्ष सुनील खुराना ने कहा कि यहां पढ़ने वाले अधिकतर बच्चे गरीब परिवारों से संबंध रखते हैं। ऐसे में इन बच्चों को नए हॉस्टल ब्लॉक की सुविधा मिलने से इनकी शिक्षा और सुविधाओं में और सुधार होगा। इन छात्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है और नई सुविधाएं मिलने से इनकी प्रतिभा में और निखार आएगा।