यीडा में उद्योग व शिक्षण संस्थान बनाने का मौका
यमुना प्राधिकरण आज लांच करेगा दोनों योजनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में उद्योग व शिक्षण संस्थान लगाने का मौका मिलने जा रहा है। प्राधिकरण बुधवार को दोनों ही योजनाएं लांच करेगा। दोनों ही योजनाएं ओपन एंडिड होंगी।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि कई उद्यमियों ने प्लॉट के लिए इच्छा जाहिर की है। वे भी इस योजना में आवेदन कर सकेंगे। ओपन एंडिड स्कीम होने के कारण उद्यमी जब चाहें आवेदन कर सकते हैं। उनको उद्योग लगाने के लिए जमीन हर समय उपलब्ध रहेगी। ये प्लॉट 4000 वर्ग मीटर और उससे बड़े प्लॉट हैं। सेक्टर 29, 32 व 33 में प्लॉट स्थित हैं। आवंटन होने के एक साल में पजेशन मिल जाएगा। दूसरी तरफ नर्सरी व प्राथमिक स्कूल, अनाथालय, इंटर कॉलेज के लिए भी प्लॉट की स्कीम निकाली जा रही है। यह भी यमुना प्राधिकरण के विकसित हो रहे सेक्टरों में स्थित हैं। इनमें भी आवंटियों को एक साल के भीतर पजेशन दे दिया जाएगा। दोनों ही योजनाओं के आवेदकों को जमीन का आवंटन साक्षात्कार के जरिए होगा। उद्योगों के लिए प्लॉट का आवंटन करते समय स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने का प्रावधान रखा जाएगा।