किसानों ने एक घंटे प्राधिकरण गेट पर जड़ा ताला
- हेरिटेज क्लब से प्राधिकरण तक निकाला जुलूस
- मुआवजे व आबादी के मसले लंबित होने पर नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। आबादी के प्लॉट और अतिरिक्त मुआवजे की मांग करते हुए ग्रेटर नोएडा के किसानों ने सोमवार को प्राधिकरण कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। संयुक्त किसान अधिकार आंदोलन समिति के बैनर तले ग्रेटर नोएडा के गांवों के किसान सोमवार को हेरिटेज क्लब पर एकजुट हुए और जुलूस निकालते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। किसानों ने करीब एक घंटे तक प्राधिकरण कार्यालय पर तालाबंदी भी की। बाद में प्राधिकरण के एसीईओ बीके त्रिपाठी को ज्ञापन भी सौंपा।
कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए किसानों ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण अफसर किसानों से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए गंभीर नहीं है। किसान नेता रूपेश वर्मा ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद किसानों को अभी तक दस फीसदी आबादी प्लॉट आवंटित नहीं किए गए हैं। नए भूमि अधिग्रहण कानून को लागू हुए देश में तीन साल बीत गए हैं, लेकिन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस कानून पर अभी तक अमल करना शुरू नहीं किया है। आबादी निस्तारण के मामले बीते चार साल से लंबित पड़े हैं। स्थानीय किसानों के जायज मामले भी सुलझाए नहीं जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने अधिग्रहण से प्रभावित किसान परिवारों के बच्चों को रोजगार गारंटी व शिक्षण संस्थाओं में दाखिले में आरक्षण की बात कही थी, लेकिन इन दोनों ही मामलों में अमल अभी तक हुआ है।
किसान नेता सुनील फौजी ने कहा कि यदि रोजगार के मुद्दे पर केंद्र और प्रदेश सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई तो किसान डीएमआईसी का काम नहीं होने देंगे। जमीन अधिग्रहण के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर के किसान एक व्यापक आंदोलन चलाएंगे और नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण के खिलाफ संयुक्त रूप से आंदोलन चलाएंगे। किसान नेता रविंद्र भाटी व अमित पहलवान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गौतमबुद्ध नगर के अधिकांश गांवों में पंचायत व्यवस्था समाप्त कर दी है, लेकिन इन गांवों में अभी तक विकास कार्य कराए जाने के मुद्दे पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। किसानों ने एक मत होकर एलान किया कि यदि प्राधिकरण किसानों से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं करता है तो प्राधिकरण के खिलाफ आंदोलन करेंगे। किसानों को कपिल गुर्जर, अजय चौधरी, राजू भाटी, डॉ. महेंद्र नागर, प्रदीप भाटी, मनोज प्रधान, सुखबीर आर्य आदि ने भी संबोधित किया।