कावड़ियों के लिए रूट प्लान तैयार, नहीं लगेगा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ियों के लिए रूट तैयार कर ली है। हर वर्ष की तरह कांवड़िए गोमुख, गंगोत्रीधाम व हरिद्वार से गंजाजल लेकर आते हैं। इस वर्ष शिवरात्रि 9 अगस्त को है। कांवड़ लेकर कांवडियों का शनिवार से दिल्ली आना शुरू हो जाएगा। 4 अगस्त से दिल्ली आने व दिल्ली होकर जाने वाले कांवड़ियों की संख्या बढ़ जाएगी।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक हेडक्वाटर) आलोक कुमार ने बताया कि दिल्ली से गुजरने वाले कांवड़ियों के लिए रूट तैयार कर लिए गए हैं। अप्सरा बार्डर, शाहदरा फ्लाई ओवर, सीलमपुर टी प्वाइंट, आईएसबीटी फ्लाई ओवर, बुलवर्ड रोड, रानी झांसी रोड, फैज रोड, वंदे मातरम मार्ग, धौलाकुंआ और एनएच-8 होकर रजोकरी बॉर्डर से होते कांवड़िए हरियाणा की ओर जाएंगे। भोपरा बार्डर से कांवड़िए वजीराबाद रोड, लोनी फ्लाईओवर, गोकलपुरी टी प्वाइंट, 66 फुटा रोड, सीलमपुर टी प्वाइंट, एनएच-1 होकर आईएसबीटी की ओर जाएंगे। इसी तरह, महाराजपुर बॉर्डर, रोड नंबर-56, गाजीपुर बार्डर, एनएच-24, रिंग रोड, मथुरा रोड व बदरपुर बार्डर होते हुए श्रद्धालु हरियाणा में दाखिल होंगे। वहीं, कालिंदी कुंज, मथुरा रोड होकर बदरपुर बॉर्डर जाएंगे। कालिंदी कुंज, मथुरा रोड, मोदी मिल, मां आनंदमयी मार्ग व एमबी रोड होकर जा सकते हैं। न्यू रोहतक रोड (कमल टी प्वाइंट से टिकरी बार्डर) और नजफगढ रोड(जाखिरा से नजफगढ) होकर भी आगे जा सकते हैं। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वह ट्रैफिक नियमों का पालन करें। कांवड़ियों के रूट की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। यूपी पुलिस भारी वाहनों को मोहन नगर से एनएच-24 की तरफ डायवर्ट करेगी। भारी वाहनों को भोपुरा बॉर्डर से वजीराबाद रोड और अप्सरा बॉर्डर से जीटी रोड की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। लोनी रोड से आने वाली सिटी बसों को छोड़कर भारी व्यवसायिक वाहनों को आउटर रिंग रोड पर जाने के लिए वजीराबाद रोड की तरफ परिवर्तित किया जाएगा। सोनिया विहार, पीटीएस वजीराबाद पुश्ता, पुश्ता रोड से आने वाले सिटी बसों को छोड़कर भारी व्यवसायिक वाहनों को एनएच-24 पर जाने के लिए वजीराबाद रोड होकर आउटर रोड की तरफ परिवर्तित किया जाएगा।
------
कांवड़िया कैंप की वजह से यहां लग सकता है जाम
कांवडिय़ों के लिए लगाए जाने वाले कैंप को लेकर बर्फखाना चौक से फायर स्टेशन तक रानी झांसी रोड, बुलवर्ड रोड और आजाद मार्केट चौक, खजुरी चौक, गोकलपुरी फ्लाई ओवर, 66 फुटा रोड, मौजपुर चौक, बाबरपुर टी प्वाइंट, भजनपुरा चौक, केशव चौक, धर्मपुरा टी प्वाइंट, मथुरा रोड, एनएच-8, धौलाकुंआ मेट्रो स्टेशन से रजोकरी बॉर्डर, बदरपुर बॉर्डर, डासना बॉर्डर और टीकरी बॉर्डर पर भारी जाम लग सकता है। यूपी पुलिस द्वारा एनएच-24 पर वाहनों के रूट परिवर्तित करने से एनएच-24 पर भी जाम रहने की संभावना है।