डीटीसी का ई-स्कूटर कंपनी के साथ प्रदूषण के खिलाफ अभियान
नई दिल्ली। डीटीसी ने ई-स्कूटर निर्माता कंपनी के साथ मिलकर ई-मोटर वाहन के इस्तेमाल के जरिए दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने की मुहिम छेड़ी है। इसके तहत डीटीसी के 45 डिपो में कर्मियों को ई-वाहनों के महत्व और इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया जाएगा। पहले चरण में डीटीसी कर्मियों को ई-स्कूटर और अन्य ई वाहनों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके बाद आम लोगों को भी ई-वाहनों के प्रयोग के बारे में जागरूक किया जाएगा।
डीटीसी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (डीटीसी) के मुख्य प्रबंध निदेशक मनोज कुमार ने कहा कि हमारा प्रयास है कि ग्रीन मोबिलिटी प्रोग्राम के तहत दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाया जाए, ताकि यहां रहने वाले लोगों को बेहतर वातावरण प्राप्त हो सके। डीटीसी के बेड़े में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हो जाएंगी। दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के प्रयास के तहत ही ओकिनावा कंपनी के साथ कर्मचारियों को जागरुक करने की पहल की गई है। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। इस मौके पर ओकिनावा कंपनी के प्रबंध निदेशक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि इस अभियान की मदद से ज्यादा लोग प्रदूषण मुक्त दिल्ली के बारे में जागरूक होंगे।