सीआईएसएफ के जवान ने महिला का छूटा बैग लौटाया
- बैग एक्सरे मशीन पर छूट गया गया था, पुल बंगश मेट्रो स्टेशन की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पुल बंगश मेट्रो स्टेशन पर तैनात सीआईएसएफ के जवान ने एक महिला को उसका बैग सौंप दिया। महिला का बैग भूलवश एक्सरे मशीन पर छूट गया था। बैग में 95 हजार रुपये व अन्य सामान था। बैग मिलने के बाद महिला ने सीआईएसएफ के जवान के काम की प्रशंसा की है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि सीआईएसएफ में कार्यरत एएसआई पीएन यादव की शनिवार को पुल बंगश मेट्रो स्टेशन पर तैनाती थी। दोपहर करीब तीन बजे उन्होंने एक्सरे मशीन पर एक लावारिस बैग देखा। आसपास के लोगों से बैग के बारे में पूछा। लेकिन किसी ने भी उस बैग को अपना नहीं बताया। विस्फोटक होने की आशंका में बैग की जांच की गई लेकिन उसमें कोई विस्फोटक नहीं मिला। तलाशी लेने पर बैग से 95 हजार रुपये व कुछ कागजात मिले। बैग को स्टेशन कंट्रोलर के हवाले कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि बैग किसी महिला का है। इसी बीच सब्जी मंडी इलाके में रहने वाली भावना नामक महिला स्टेशन पर पहुंची और बैग छूटने के बारे में बताया। सीआईएसएफ के जवान ने सत्यापन करने के बाद महिला को बैग सौंप दिया।