दिल्ली सरकार के 300 शिक्षक जाएंगे सिंगापुर
- कैपिसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम का मिलेगा प्रशिक्षण
- शिक्षा की गुणवत्ता को निखारने के लिए सरकार का सकारात्मक कदम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए कमर कसी हुई है। सरकार स्कूलों के संसाधनों में बढ़ोतरी के साथ-साथ शिक्षकों को अपडेट करने में लगी है। बीते साल सिंगापुर के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन में शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए भेजने के बाद अब इस साल 300 शिक्षक प्रशिक्षण के लिए भेजे जाएंगे। जहां उन्हें कैपिसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षित किया जाएगा। बीते साल के प्रशिक्षण का शिक्षकों को लाभ मिला था। उनमें काफी बदलाव भी देखने को मिले थे।
शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए सरकार शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण दिला रही है। 10 दिन पहले ही शिक्षकों को सिंगापुर भेजे जाने के फैसले को कैबिनेट में मंजूरी दी गई है। इन शिक्षकों को अगस्त 2018 से मार्च 2019 की समयावधि में 10-10 बैच के समूह में भेजा जाएगा। इनका चुनाव स्कूल प्रमुख व जिला आधारित कमेटी की सिफारिश के आधार पर होगा। शिक्षकों को मिले इस प्रशिक्षण का लाभ बच्चों को भी कक्षाओं में मिल सकेगा। सरकार का मानना है कि शिक्षक सिंगापुर जाकर आधुनिक शिक्षण की नई-नई तकनीक सीखकर आएंगे। इससे बच्चों को नए तरीके से सिखाने में भी मदद मिलेगी। सरकार इससे पहले शिक्षकों को आईआईएम अहमदाबाद, आईआईएम लखनऊ, व कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय भी भेज चुकी है।