प्रदेश भाजपा ने 18 सौ व्हाट्स एप ग्रुप से अपने कार्यकर्ता जोड़े
- सभी ग्रुप में राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष का मोबाइल नंबर भी जुड़ा
- केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देना प्राथमिकता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा आलाकमान के निर्देश पर प्रदेश भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपने एक-एक कार्यकर्ता जोड़ने को 1800 से अधिक व्हाट्स एप ग्रुप बनाए हैं। खास बात यह है इन सभी ग्रुप में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी का एक-एक मोबाइल नंबर शामिल है। दरअसल, सभी ग्रुप की निगरानी के लिए उनका मोबाइल नंबर ग्रुप में जोड़ा गया है। इसके पीछे मंशा है कि कोई भी ग्रुप निष्क्रिय नहीं हो या उसमें गलत प्रचार न हो।
दिल्ली प्रदेश भाजपा के मीडिया रिलेशनशिप प्रभारी और सोशल मीडिया यूनिट के सह-प्रभारी नीलकांत बख्शी की देखरेख में यह सभी व्हाट्स एप ग्रुप बनाए गए हैं। इनके माध्यम से सभी कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाती है। इसके अलावा पार्टी की गतिविधियों के बारे में भी उनको सूचना पहुंचाई जाती है।
बख्शी ने बताया कि यह ग्रुप चार स्तर पर बनाए गए हैं। प्रदेश, लोकसभा क्षेत्र, जिला और मंडल स्तर पर यह चल रहे हैं। इससे सभी कार्यकर्ताओं तक पार्टी और केंद्र सरकार की सभी जानकारी तत्काल पहुंच रही है। वहीं, इन ग्रुप में शामिल कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी गई है कि वह कोई ऐसा पोस्ट नहीं डालें जिससे पार्टी की छवि धूमिल हो। इसके अलावा फेसबुक और अन्य प्लेटफार्म पर भी पार्टी की विश्वसनीयता प्रभावित होने वाले पोस्ट नहीं डालने का आग्रह किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रुप के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं की कार्यशैली और सक्रियता का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।