नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बन रहा आधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम
नई दिल्ली। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर रेलवे नई दिल्ली स्टेशन पर आधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम बना रहा है। इसे स्टेशन परिसर के दूसरे तल पर तैयार किया जा रहा है, जहां से पूरे स्टेशन की निगरानी की जाएगी। उधर, नई दिल्ली स्टेशन परिसर के बाहर स्थित रेल सुरक्षा बल कार्यालय को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बनी नई बिल्डिंग में स्थानांतरित कर दिया गया है।
पिछले दिनों रेलवे बोर्ड ने सभी रेलवे सुरक्षा बल की पोस्ट को स्टेशन के मुख्य प्लेटफॉर्म पर बनाने का निर्देश दिया था। इसे ही ध्यान में रख दिल्ली रेल मंडल स्टेशनों पर नई बिल्डिंग बना रहा है। इसकी लोकेशन ऐसी जगह रखी जा रही है, जहां से यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा सके। दिल्ली रेल मंडल प्रबंधक ने बताया कि नई दिल्ली देश की राजधानी का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। इस स्टेशन से प्रतिदिन पांच लाख यात्री सफर करते हैं, लिहाजा इस स्टेशन की सुरक्षा को और बेहतर किया जा रहा है।