लखनऊ और जम्मू के ध्यानार्थ
सिविल सेवा की मुफ्त कोचिंग में दाखिले की प्रवेश परीक्षा आज
जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने दस शहरों में बनाए सेंटर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में सिविल सेवा की मुफ्त कोचिंग में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा रविवार को आयोजित होगी। जामिया ने देशभर के दस शहरों में सेंटर बनाए हैं, जबकि दाखिला प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट 27 अगस्त को जारी होगा। खास बात यह है कि परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी होगी।
जामिया प्रबंधन के मुताबिक, सिविल सेवा में अल्पसंख्यक, महिला व आरक्षित वर्ग के छात्रों को मुफ्त कोचिंग मुहैया करवाने के लिए प्रवेश परीक्षा से छात्रों का चयन किया जाएगा। दिल्ली, श्रीनगर (जम्मू कश्मीर), जम्मू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, गुवाहाटी, लखनऊ, पटना व चैन्नई में प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी।
तीन घंटे की लिखित परीक्षा में दो पेपर होंगे। पेपर-एक में यूपीएससी मॉडल पर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें कुल 60 अंक के 60 प्रश्न पूछे जाएंगे। बहुविकल्पीय प्रश्नों में नेगेटिव मार्किंग भी होगी। यदि कोई छात्र प्रश्न का गलत उत्तर लिखता है, तो उसके एक तिहाई अंक कट जाएंगे।
वहीं, पेपर-दो निबंध लेखन पर आधारित होगा, जिसमें दो निबंध लिखने होंगे, जोकि 30-30 अंक के होंगे। ए और बी सेक्शन से उन्हें दो विषयों पर लिखना होगा। तीन घंटे की परीक्षा में पेपर-एक के लिए एक घंटा मिलेगा और फिर ओएमआर शीट वापस ले ली जाएगी, जबकि दूसरे पेपर के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। तीन घंटे की लिखित परीक्षा में छात्र अंग्रेजी, हिंदी व उर्दू भाषा का प्रयोग कर सकते हैं।