चिड़ियाघर में 27 साल बाद प्रजनन से
पैदा होंगे बाघ और बाघिन के बच्चे
- दो माह के गर्भ से है निर्भया, चिड़ियाघर प्रशासन बरत रहा है सावधानी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के चिड़ियाघर के आकर्षण का केंद्र सफेद बाघ पर्यटकों के लिए खुशखबरी देने वाले हैं। हाल ही में रॉयल बंगाल टाइगर करण और सफेद मादा बाघिन निर्भया की शादी हुई थी और अब निर्भया दो माह के गर्भ से है। अगस्त तक चिड़ियाघर में इनकी संतान पैदा होने की संभावनाएं है। खास बात ये है कि पिछले 27 साल में पहली बार यहां प्रजनन बाघ की संतान पैदा होने वाली है।
दिल्ली चिड़ियाघर के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, मई में रॉयल बंगाल टाइगर और बाघिन की शादी की प्रक्रिया पूरी करवाई गई। ऐसा इसलिए किया गया था कि ये दोनों हमेशा एक साथ रहते थे और एक-दूसरे के प्रति स्नेह रखते थे। इसी के मद्देनजर इन्हें एक ही पिंजरे में साथ रखा गया और फिर दोनों का मिलन हुआ।
गर्भाधान को देखते हुए निर्भया की खुराक में बदलाव किया गया है। पहले की तरह उसे रोजाना 12 किलो मीट तो मिलता ही है, अब उसे रोज 3 किलो चिकन, एक अंडा और एक लीटर दूध भी दिया जा रहा है। उसकी डिलीवरी से दो हफ्ते पहले गार्ड रात में भी निगरानी शुरू कर देंगे। बच्चा पैदा होने के बाद जब वह एक महीने का होगा तभी उसे जनता को देखने के लिए बाहर निकाला जाएगा। फिलहाल निर्भया को सुरक्षा कारणों के चलते एक निजी स्थान पर रखा जा रहा है, ताकि उसे और उसके बच्चे को किसी भी नुकसान से बचाया जा सके।