अब ऑनलाइन वैकल्पिक कोर्स चुनने का मिलेगा मौका
- जेएनयू नए सत्र से छात्रों को देगा सुविधा
- रोजगार के लिए पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री से समझौता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में नए सत्र में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए राहत की खबर है कि अब उनको ऑनलाइन दो वैकल्पिक कोर्स चुनने का मौका मिलेगा। जेएनयू प्रबंधन पहली बार छात्रों की सुविधा के लिए दाखिले से पहले ही टाइम टेबल की व्यवस्था करने जा रहा है।
जेएनयू प्रबंधन के मुताबिक, किसी भी डिग्री प्रोग्राम में छात्र को दो कोर और दो ऑप्शनल सब्जेक्ट लेने होते हैं। फिलहाल अभी तक छात्र को कैंपस में दाखिले के दौरान ही दो वैकल्पिक कोर्स की जानकारी मिलती थी, लेकिन अब उसे पहले ही जानकारी मिल जाएगी कि वह अपने डिग्री प्रोग्राम के साथ कौन से दो वैकल्पिक कोर्स चुन सकता है। जेएनयू प्रबंधन ने छात्रों को रोजगार का मौका देने के लिए पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ समझौता किया है, जिसमें छात्रों को ट्रेनिंग दी जाएगी।
- जेएनयू में 23 से नए सत्र का आगाज
कैंपस में 23 जुलाई से पूर्व छात्रों और 8 अगस्त से नया दाखिला लेने वाले छात्रों का सत्र शुरू होगा। दरअसल 23 जुलाई से सत्र 2018-19 के छात्र दाखिला लेंगे। इसलिए नए छात्रों का सत्र 8 अगस्त से शुरू होगा। कैंपस में हॉस्टल से लेकर क्लासरूम में छात्रों की सुविधाओं के लिए तैयारियां शुरू की जा रही है।