चीनी मांझे पर सख्ती के साथ प्रतिबंध लगाएं एजेंसियां : पर्यावरण मंत्री
- स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए विभागों को दिया आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन ने बुधवार को बैठक के बाद दिल्ली के सभी विभागों, नगर निगमों और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति को आदेश दिया है कि वह चीनी मांझे की बिक्री, निर्माण, भंडारण, आपूर्ति, आयात आदि पर सख्ती के साथ प्रतिबंध के आदेश को लागू करें। मंत्री ने यह आदेश स्वतंत्रता दिवस और रक्षा बंधन के त्योहार को देखते हुए दिया है। इन दोनों मौकों पर लोग पतंगबाजी करते हैं और जाने-अनजाने खतरनाक चीनी मांझे के इस्तेमाल से पक्षी, वन्यजीव और खुद को खतरा मोल लेते हैं।
दिल्ली सरकार ने बीते वर्ष 10 जनवरी को अधिसूचना जारी कर चीनी मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। इनमें नाइलॉन, प्लास्टिक या अन्य सिंथेटिक मटेरियल, शीशायुक्त मांझे शामिल हैं। बैठके के दौरान पर्यावरण (सचिव) ने दिल्ली सरकार को बताया कि तहसीलदार स्तर व फॉरेस्ट इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों की एक समिति बनाई गई है। इसमें एमसीडी के पब्लिक हेल्थ इंस्पेक्टर व अन्य शामिल हैं जो आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे। इसके अलावा दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भी इस संबंध में सूचना दी गई है कि वे आदेश का सख्ती के साथ पालन कराएं। इस बैठक में पर्यावरण सचिव, डीपीसीसी के सचिव व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।