अब दिल्ली स्टेट कैंसर हॉस्पिटल में कराएं ऑनलाइन पंजीयन
- ताहिरपुर स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को भी ऑनलाइन से जोड़ा
- कैंसर अस्पताल को अत्याधुनिक तकनीकों से जोड़ने की तैयारी
- दिल्ली स्टेट कैंसर में बढ़ते बोझ को देख ऑनलाइन पंजीयन की पहल
- कई प्रोजेक्ट पर चल रही है मंत्रणा, कैंसर अस्पताल को मिल सकती है भूमि
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने कैंसर मरीजों की सुविधा दिल्ली के स्टेट कैंसर इंस्ट्टियूट में ऑनलाइन पंजीयन की पहल की है। यह सुविधा दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की ओर से ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट में मिलेगी। अपनी क्षमता से तीन गुना ज्यादा मरीजों को उपचार मुहैया करा रहे दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट के निदेशक डॉ. ग्रोवर के अनुसार उनके अस्पताल में ऑनलाइन पंजीयन कराने वालों के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था की गई है। ताकि ऐसे मरीजों को फिजूल में अपना वक्त न गंवाना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कैंसर मरीजों की तादाद तेजी से बढ़ती जा रही है। राजधानी के कई सरकारी अस्पतालों में इस बीमारी के इलाज की सुविधा नहीं है। इसलिए दिल्ली सरकार जल्द ही इन अस्पतालों का कायाकल्प कराएगी। अधिकारी ने ये भी बताया कि सरकार जल्द ही सभी सरकारी और गैर लाभकारी अस्पतालों की सूची तैयार कर ली है। जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी जाएगी।
कई प्रोजेक्ट्स पर चल रहा है काम
सूत्रों का कहना है कि दिल्ली सरकार कैंसर अस्पताल को बढ़ावा देने के लिए और भी कुछ प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि इस अस्पताल के लिए विशेष ब्लॉक का निर्माण भी कराया जाएगा। हालांकि एम्स और सफदरजंग की भांति गुरु तेग बहादुर अस्पताल और कैंसर अस्पताल के बीच काफी रस्साकशी का माहौल देखने को मिलता है, लेकिन अब दिल्ली सरकार जीटीबी अस्पताल के आसपास ही कैंसर के लिए अलग से ब्लॉक बनाने की दिशा में काम कर रही है।