जीएसटी के विरोध में सुरक्षा एजेंसियों
का इंडिया गेट पर मौन जुलूस
- रिवर्स चार्ज मैकेनिज्म लागू करके जीएसटी कर हटाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सेंट्रल एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट सिक्योरिटी इंडस्ट्री (सीएपीएसआई) ने बुधवार को जीएसटी के विरोध में इंडिया गेट पर मौन जुलूस निकाला। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों में सिक्योरिटी गार्ड, भूतपूर्व सैनिक और सैन्य अधिकारी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि जीएसटी नियम में बदलाव करके सिक्योरिटी एजेंसियों से जीएसटी की वसूली बंद की जाए और सिक्योरिटी सेवाएं लेने वाले व्यक्ति या कंपनी से जीएसटी वसूली जाए।
सीएपीएसआई के चेयरमैन कुंवर विक्रम सिंह ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। इंडिया गेट स्थित अमर जवान ज्योति पर शहीदों के सम्मान में पुष्प अर्पित करके मौन जुलूस की शुरूआत की गई। उन्होंने कहा कि जीएसटी वसूले जाने की वजह से सुरक्षा एजेंसियों पर दोहरी मार पड़ रही है। जीएसटी के कारण उन पर न केवल वित्तीय दबाव बढ़ रहा है, बल्कि इसकी वजह से कई सुरक्षा एजेंसियों पर ताला लगने की नौबत आ गई है। उन्होंने मांग की कि सरकार को निजी सुरक्षा एजेंसियों की समस्या को समझते हुए रिवर्स चार्ज मैकेनिज्म लागू करना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जीएसटी बिल जिस महीने जारी होता है, उस महीने की 20 तारीख को ही इसे जमा कराना होता है। दूसरी ओर निजी सुरक्षा एजेंसियों को उनसे सेवा लेने वाली कंपनी या व्यक्तियों से बिल 2-3 महीने बाद मिलता है। ऐसे में बिना हाथ में एक पैसा आए भी हर महीने जीएसटी भरने की तलवार एजेंसियों पर लटकी रहती है। सरकार से अपील की है कि सिक्योरिटी एजेंसियों से जीएसटी वसूलने के नियम में जल्द बदलाव किया जाए।