दाखिले के समय भर सकेंगे परीक्षा फॉर्म
- परीक्षा की जानकारी कॉलेज वेबसाइट एवं नोटिस बोर्ड पर दी जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले के समय ही परीक्षा फॉर्म को भरा जा सकेगा। इस तरह से बार-बार परीक्षा फॉर्म भरने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। दाखिले के समय ही परीक्षा फीस का भुगतान भी करना होगा। जिन छात्रों के दाखिले पहली कट ऑफ में हो चुके हैं वह बाद में अपना परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
डीयू अधिकारियों के अनुसार, कॉलेजों में ही दाखिले के समय यह परीक्षा फॉर्म भरना होगा। इसकी फीस कॉलेजों को तत्काल परीक्षा विभाग को भेजनी होगी। यदि कोई छात्र दोबारा दाखिला ले रहा है, उस पर भी यह व्यवस्था लागू होगी। दोबारा दाखिला लेने वाले छात्रों को अपने पहले के पेपर की सेमेस्टर के अनुसार जानकारी देनी होगी। पूर्व छात्र पर भी परीक्षा फॉर्म जमा कराने की यह प्रक्रिया लागू होगी।
परीक्षा फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि कॉलेज की ओर से तय की जाएगी। इसे सही तरीके से जांच व स्क्रूटनी करने के बाद कॉलेज को संभाल कर रखना होगा। परीक्षा शुरू होने से पहले कॉलेजों को परीक्षा फॉर्म में दिए गए डाटा को सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड करना होगा। परीक्षा शुरू होने से पहले यह लिंक परीक्षा विभाग की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा। डीयू प्रशासन की ओर से यह जानकारी कॉलेज वेबसाइट व कॉलेज की नोटिस बोर्ड पर लगाने के लिए कहा गया है। ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्रों तक यह जानकारी पहुंच सके।