डीटीसी की नई लो फ्लोर बसों
को दौड़ाएंगे नए चालक
- चालक और परिचालकों की कमी से उबरने के लिए शुरू हुई भर्ती
- बसें आने से पहले स्टाफ जुटाने में लगा डीटीसी प्रबंधन
अरुण कुमार
नई दिल्ली। राजधानी में डीटीसी के बेड़े में शामिल होने वाली 500 नई लो फ्लोर बसों को सड़कों पर दौड़ाने के लिए डीटीसी प्रबंधन तैयारियों में जुट गया है। इन बसों में नए स्टाफ की तैनाती होगी। स्टाफ की कमी से जूझ रहा डीटीसी विभाग इस परेशानी से निजात पाने के लिए नए चालकों और परिचालकों की भर्ती की रूपरेखा तैयार कर चुका है। खास बात यह है कि इसी सप्ताह डीटीसी में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की चुका है।
राजधानी की करीब 1.37 करोड़ की आबादी पर वर्तमान में डीटीसी की महज 3785 बसें हैं। हाल ही में दिल्ली सरकार ने 500 नई लो फ्लोर बसों की खरीद को मंजूरी दी है। इन बसों के डीटीसी के बेड़े में शामिल होने के बाद मेंटीनेंस के लिए निर्माता कंपनियों पर निर्भर न रहना पड़े इसके मद्देनजर डीटीसी ने अपने इंजीनियर्स को लो फ्लोर बसों की तकनीक से रूबरू करवाने की प्रोफेशनल ट्रेनिंग भी शुरू करवा दी है।
- नई बसों को मिलेंगे नए चालक
डीटीसी इसी सप्ताह से चालकों की अनुबंध के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर चुका है। डीटीसी प्रबंधन ने चालकों की कमी को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए भर्ती प्रक्रिया को बेहद आसान कर दिया है। चालकों के आवेदन 31 दिसंबर तक लिए जा सकेंगे। इस दौरान किसी भी समय अपने दस्तावेज के साथ आने वाले चालकों की भर्ती पर विभाग विचार करने के बाद नियुक्ति करेगा। खास बात यह है कि इन चालकों की भर्ती को लेकर विभाग बेहद संवेदनशील है, क्योंकि लंबे समय से डीटीसी में चालकों की संख्या घटती जा रही है।
- नई बसों के लिए नए कंडक्टर
डीटीसी के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, डीटीसी के बेड़े में नई लो फ्लोर बसें शामिल होने से बस फ्लीट से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इनमें खास तौर पर चालक और परिचालक शामिल होते हैं, जिनकी वर्तमान में विभाग के पास कमी है। बहरहाल, डीटीसी अगले सप्ताह से एक हजार कंडक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर रहा है। इन कंडक्टरों की भर्ती को लेकर रोजगार केंद्र से तीन हजार कंडक्टरों के आवेदन मंगाए गए हैं, जिनमें से एक हजार कंडक्टरों का चयन डीटीसी चयन बोर्ड द्वारा पात्रता और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।