भारत के मजबूत राष्ट्र बनने तक दौड़ जारी रहेगी : सुरेश प्रभु
गुरुग्राम। देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले भारत के पहले गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 144वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को ताऊ देवीलाल स्टेडियम में रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ का शुभारंभ केंद्रीय उद्योग, वाणिज्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु की उपस्थिति में हरियाणा के शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने झंडी दिखाकर किया।
रन फॉर यूनिटी को ताऊ देवीलाल स्टेडियम से रवाना किया गया। यह स्टेडियम से मेदांता अस्पताल के सामने से होती हुई बख्तावर चौक तक पहुंची तथा वहां से यू-टर्न लेकर वापस स्टेडियम में संपन्न हुई। इसमें जिले के 5 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों व युवाओं ने भाग लिया। केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधा। किसी रियासत को प्रेम से तो किसी को दबाव देकर और किसी अन्य को बल प्रयोग कर उन्होंने मनाया और भारत वर्ष को संगठित किया। उन्होंने कहा, अगर पटेल देश को संगठित नहीं करते तो भारत माता की जय बोलते समय हम दुखी होते क्योंकि हमारी धरती मां अलग-अलग हिस्सों में बंटी हुई होती।
यह भी कहा कि रन फॉर यूनिटी दौड़ मात्र 2-3 किमी तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि भारत के एक मजबूत राष्ट्र बनने तक जारी रहेगी। उन्होंने हरियाणा का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा ने खेलों तथा कृषि उत्पादन में देश में पहचान बनाई है। वहीं हरियाणा के शिक्षा तथा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा, आज पूरा हिंदुस्तान देश की एकता के लिए दौड़ रहा है। कार्यक्रम में सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, हरियाणा डेयरी विकास प्रसंघ के चेयरमैन जीएल शर्मा, भाजपा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, पुलिस आयुक्त केके राव, उपायुक्त विनय प्रताप सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त मुनीष शर्मा सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित थे।