कोतवाली फेज थ्री के एसएचओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने सीनियर अधिकारी सीओ-टू को नहीं बुलाया। जब पीसी करने एसपी सिटी पहुंचे तो जानकारी मिलने पर एसएचओ को फटकार लगाई। इसके बाद एसपी सिटी ने सीओ-टू को फोन कर बुलाया लेकिन समय कम होने के कारण सीओ नहीं पहुंच सके। यह वाकया शनिवार को कोतवाली फेज थ्री में हुआ।
दरअसल, कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने बाइक चोरों को पकड़ा था और दोपहर डेढ़ बजे उसकी पीसी थाने पर होनी थी। शनिवार दोपहर को प्रेस वार्ता को संबोधित करने के लिए एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह थाने में पहुंचे। वहां सीओ-2 राजीव कुमार सिंह नजर नहीं आए तो उनके बारे में पूछा। इस पर एसएचओ अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि व्यस्तता के कारण सीओ साहब को पीसी में बुलाना भूल गए।
इसके बाद एसएचओ ने सीओ टू को फोन किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इस के बाद एसपी सिटी नाराजगी जताते हुए एसएचओ को फटकार लगाई। एसपी सिटी ने एसएचओ से कहा कि यह अनुशासनहीनता है।
बताया जाता है कि इससे पहले भी एसएचओ ने इस तरह की अनुशासनहीनता की है। इस दौरान एसपी सिटी ने खुद सीओ- 2 को फोन मिलाया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बारे में बताया। इस मामले में सीओ टू राजीव कुमार सिंह ने अमर उजाला को बताया कि एसएचओ के साथ कोई मनमुटाव नहीं है। व्यस्तता होने के कारण एसएचओ मुझे जानकारी नहीं दे सके। इसे किसी और परिप्रेक्ष्य में देखने की जरूरत नहीं है।