साहिबाबाद। छठ महापर्व के 15 दिन शेष रह गए हैं लेकिन अभी तक नगर निगम ने घाट की सुध नहीं ली है। घाटों पर पसरी अव्यवस्था देख श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है। शहर में करीब 79 छठ घाट हैं, सबके हाल बेहाल हैं। श्रद्धालु आए दिन अधिकारियों से मिल कर छठ घाट की सुध लेने की अपील कर रहे हैं।
छठ महापर्व पर अकेले हिंडन के घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। यहां गंदगी और अव्यवस्था पसरी हुई है। वहीं दूसरी ओर शालीमार गार्डन डबल टंकी पार्क छठ घाट पर अव्यवस्थाओं का अंबार है। पिछले दिनों इससे नाराज लोगों ने प्रदर्शन कर यहां साफ-सफाई करने की मांग की थी। कॉलोनियों के पार्क में अस्थायी छठ घाट बनाए गए हैं। हाईराइज सोसायटियों में लोग स्वीमिंग पूल में खड़े होकर अर्घ्य देते हैं।
लोग हर दिन अधिकारियों से मिलकर अपनी बात रख रहे हैं। उन्हें फिलहाल आश्वासनों से ही काम चलाना पड़ रहा है। पुरबिया जन कल्याण परिषद की पदाधिकारी रीता सिंह का कहना है कि छठ के अब गिनती के दिन बच गए हैं। हिंडन छठ घाट से लेकर अन्य सभी घाटों पर काम शुरू होना है। यदि काम समय से शुरू नहीं हुआ तो लोगों को अव्यवस्था झेलनी पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह नगर आयुक्त से मिली हैं। उन्होंने काम जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया है लेकिन अभी तक टीम घाटों पर पहुंची भी नहीं है।
पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
पुरबिया जन कल्याण परिषद के प्रतिनिधि मंडल ने बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त और एडीशनल पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। छठ पूजा में सुरक्षा चाक चौबंद रहने की मांग करते हुए हिंडन छठ घाट पर महिला पुलिस, पीएसी के जवान और गोताखोर की व्यवस्था किए जाने की मांग की है। परिषद पदाधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि अधिकारियों ने बेहतर व्यवस्था बनाने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर रीता सिंह, उज्ज्वला राय, कंचन तिवारी, राजा राम मौर्या आदि मौजूद रहे।