इनेलो के 950 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ी
गुरुग्राम। इंडियन नेशनल लोकदल को गुरुग्राम जिले में शनिवार को बड़ा झटका लगा। इनेलो से अजय चौटाला, दुष्यंत चौटाला एवं दिग्विजय चौटाला को निकालने के विरोध में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ दी। इतना ही नहीं, उन्होंने अजय चौटाला के साथ जाने का ऐलान किया। वह अजय चौटाला के आह्वान पर नौ दिसंबर को जींद में होने वाले सम्मेलन को सफल बनाने में जुट गए।
गुरुग्राम में शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में इनेलो पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनंत राम तंवर के नेतृत्व में अजय चौटाला में आस्था जताई। करीब 950 कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने फार्म भरकर इनेलो को अलविदा कहा। इस दौरान उन्होंने एक स्वर में कहा कि अजय चौटाला का बिना कोई कारण बताए पार्टी से निष्कासन अलोकतांत्रिक, जन और पार्टी विरोधी है।
जननायक सेवादल के प्रदेश प्रवक्ता दलबीर धनखड़ के अनुसार, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राजेश सूटा, पूर्व विधायक गंगा राम, बादशाहपुर के हल्का अध्यक्ष ऋषिराज राणा, गुड़गांव हल्का अध्यक्ष परमजीत सिंह ओबराय, पटौदी हल्का के अध्यक्ष एवं जिला पार्षद राकेश पटौदी, जिला पार्षद दीपचंद, इनेलो कानून प्रकोष्ठ गुरुग्राम के अध्यक्ष सतबीर सिंह तंवर, अधिवक्ता सतबीर जांघू, सुरेंद्र गुलिया, नीरज गंडास, देवेन्द्र रावत, सत्यनारायण यादव, सतीश तंवर, राजकुमार गुप्ता, रामनिवास राव आदि ने सामूहिक रूप से अपने पद व सदस्यता से अनंतराम तंवर को त्यागपत्र दिया।