कृत्रिम झील में डूबकर दिल्ली के युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अरावली पहाड़ी क्षेत्र में बनी कृत्रिम झील ने एक और युवक की जान ले ली। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर स्थित गांव खोरी के पास बनी झील में नहाने के दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसका शव निकाला।
सूरजकुंड थाना प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि मृतक राजू (27) पुत्र शिवमोहन दिल्ली में लाल कुआं क्षेत्र का रहने वाला था।
रविवार दोपहर वह बदरपुर बॉर्डर के पास ही स्थित गांव खोरी में बनी झील में नहाने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाते समय वह गहरे पानी में उतर गया। कुछ लोगों ने उसे बचाने की भी कोशिश की, मगर देखते ही देखते वह डूब गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि गोताखोरों की मदद से झील से शव निकाला गया।
मृतक के कपड़ों में मिले मोबाइल नंबर से उसके परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।