सादी वर्दी में महिला पुलिस ने की बालिकाओं की काउंसलिंग
सेक्टर-12 और 71 के बालिका गृह पहुंचे आलाधिकारी
बच्चियों ने सब कुछ ठीक होने की बात कही
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। देवरिया के बालिका गृह में यौन शोषण की घटना के बाद शासन की ओर से जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिले में बालिका गृह की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। इसी क्रम में सोमवार को नोएडा में दो बालिका गृह का निरीक्षण पुलिस के आलाधिकारियों ने किया। इसमें महिला पुलिस ने सादी वर्दी में बालिकाओं को भरोसे में लेकर बातचीत की। बातचीत में बालिकाओं ने वहां सब कुछ ठीक होने की बात कही। पुलिस ने संबंधित रिपोर्ट जिलाधिकारी को दे दी है
सिटी मजिस्ट्रेट महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार को उनके अलावा एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह, सेक्टर-49 थाना प्रभारी अनीता चौहान, महिला थाना प्रभारी अंजू तेवतिया, जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल सोनी और कई महिला कांस्टेबलों ने सेक्टर-12 और 72 में उदयन बालिका गृह का निरीक्षण किया। सेक्टर-12 के बालिका गृह में 11 बालिकाएं रह रही हैं। सेक्टर-72 में 25 बालिकाएं रह रही हैं। यहां 40 बालक भी हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ही बालिका गृह में सादी वर्दी में पहुंची महिला कांस्टेबलों ने बातचीत की। बातचीत में रहने, खाने के अलावा किसी तरह के दबाव को लेकर पूछे। सभी बालिकाओं ने वहां की व्यवस्था को ठीक बताया। उन सभी की काउंसलिंग पुलिस ने की।