15 स्कूली बसों की जांच, तीन का चालान
नोएडा। भले ही ट्रांसपोर्टेशन चार्ज के नाम पर स्कूल लगातार अभिभावकों की जेब पर बोझ बढ़ा रहे हों, फिर भी स्कूली बसों में बच्चों की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है। परिवहन विभाग ने सोमवार को चेकिंग अभियान चलाकर स्कूलों की लापरवाही पकड़ी। इस दौरान 15 स्कूल बसों की जांच की गई। तीन बसों के चालान काटे गए।
एआरटीओ प्रशांत तिवारी ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान कुल 34 वाहनों के चालान काटे गए। सेक्टर-58, सेक्टर-62, एनआईबी चौकी और सिटी सेंटर के पास चलाए गए इस अभियान के दौरान 15 स्कूल बसों की भी जांच की गई। डीपीएस, समरविल, कैंब्रिज, सरस्वती शिशु मंदिर, खैतान पब्लिक स्कूल और एपीजे स्कूल की बसों को रोका गया। तीन स्कूल बसों में मानक पूरे नहीं होने पर चालान काटे गए। ब्यूरो