- ग्रेटर नोएडा के युवा क्रिकेटर ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए मचाई धूम, मुंबई इंडियंस को 47 रन मिली हार
नितेश कुमार
ग्रेटर नोएडा। प्रतिभा और मेहनत जब एक साथ मैदान पर उतरती है, तो उम्र महज एक संख्या बनकर रह जाती है। बीते वर्ष 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा था वहीं, ग्रेटर नोएडा के 14 वर्षीय युवा क्रिकेटर देवराज चौधरी ने भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। नोएडा के ग्रीन पार्क क्रिकेट मैदान पर आयोजित मनी आईपीएल सीजन-3 में देवराज ने अपनी बल्लेबाजी का कमाल दिखाया। मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की ओर से खेलते हुए देवराज ने 30 चौके व आठ छक्कों से सजी नाबाद 190 रन की अविश्वसनीय पारी खेलकर अपनी टीम को 47 रन से शानदार जीत दिलाई। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आरआर ने टी-20 मुकाबले में एक विकेट पर 247 रन का स्कोर बनाया। मुंबई इंडियंस की टीम छह विकेट पर 200 रन ही बना सकी।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पी-3 स्थित आनंद आसरे सोसाइटी निवासी देवराज ने अपनी पारी के दौरान मैदान के हर कोने में आकर्षक शॉट लगाए। उनकी बल्लेबाजी के सामने विपक्षी गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। चौकों और छक्कों की लगातार बरसात ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उनकी यह पारी टूर्नामेंट की सबसे यादगार और चर्चित पारियों में शामिल हो गई है। उनकी नाबाद 190 रन की पारी टूर्नामेंट की अब तक की सबसे यादगार पारियों में शामिल हो गई है। महज सात वर्ष की आयु में पहली बार बल्ला थामने वाले इस खिलाड़ी ने लगातार मेहनत और अभ्यास के दम पर आज अपनी अलग पहचान बनाई है। दाएं हाथ के बल्लेबाज और स्पिन गेंदबाज देवराज का खेल आक्रामकता और तकनीक का बेहतरीन मिश्रण माना जाता है। वर्तमान में देवराज नई दिल्ली के बाराखंभा स्थित दिल्ली मॉडर्न क्रिकेट अकादमी में कोच नवीन चोपड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के मलकपुर स्थित देवराज स्पोर्ट्स अकादमी में कोच माहीपाल की देखरेख में भी वह क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। दोनों कोचों का मानना है कि देवराज में भविष्य में बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलने की अपार संभावनाएं हैं।
गेल को मानते प्रेरणास्रोत
कोच माहीपाल ने बताया कि वह नियमित रूप से अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों पर मेहनत करते हैं। देवराज के आदर्श वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। वह गेल की तरह निडर और आक्रामक बल्लेबाजी करना पसंद करते हैं। मैदान पर उनका आत्मविश्वास और बड़े शॉट खेलने की क्षमता उन्हें अपनी उम्र के अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाती है।