पैनल बॉक्स से ई रिक्शा की बैट्री चार्ज करते रंगे हाथ पकड़ा
नए सेक्टरों में खुलेआम हो रही बिजली की चोरी, लोगों की शिकायत पर एनपीसीएल ने की कार्रवाई, चार्जर और बैट्री जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। सेक्टरों में पैनल बॉक्स से बिजली चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। किराए पर रहने वाले मजदूरों के बाद अब ई-रिक्शा चालक भी पैनल बॉक्स से बिजली चोरी कर रिक्शा की बैट्री चार्ज कर रहे हैं। कई सेक्टर के लोगों ने एनपीसीएल में शिकायत की है। लोगों का आरोप है कि चोरी करने वाले पैनल बॉक्स खुला छोड़ देते है। इससे हादसे का खतरा रहता है। सेक्टरों की हर गली में पैनल बॉक्स लगे हैं। यह समस्या सबसे अधिक नए सेक्टरों में है। ज्यादातर घरों में मजदूर किराए पर रह रहे हैं। जो पैनल बॉक्स से तार डालकर बिजली चोरी कर रहे हैं। बुधवार को सेक्टर फाई तीन में एक पैनल बॉक्स से ई रिक्शा चार्ज किया जा रहा था। चालक ने चार्जर का तार सीधा पैनल बॉक्स में लगा रखा था। एक अन्य पैनल बॉक्स में भी चार्जर लगा हुआ था। लोगों की शिकायत पर एनपीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और दो ई रिक्शा चालकों को पकड़ा। मौके से चार्जर और बैट्री जब्त कर ली गई है। इस दौरान टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा। इसके अलावा कई अन्य सेक्टरों में भी पैनल बॉक्स से बिजली चोरी करने की शिकायत कंपनी को मिली है।
कई सेक्टरों में पैनल बॉक्स से बिजली चोरी की जा रही है। लगातार शिकायत मिल रही है। जिस पर कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में पैनल बॉक्स से ई-रिक्शा की बैट्री चार्ज करते पकड़ा गया है। तीन चार्जर जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सारनाथ गांगुली, वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशन), एनपीसीएल