पड़ोसियों के तानों से तंग नाबालिग लड़की ने खाया जहर, मौत
- परिजनों ने पड़ोसियों पर लगाया आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप
पुन्हाना। खंड के गांव बादली में एक नाबालिग लड़की ने पड़ोसियों के ताने और गलत नियत रखने से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज में रखवा दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मृतक लड़की के चाचा विशंभर ने बताया कि उसके बड़े भाई राम किशन और भाभी की कई वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उनके तीन बच्चे हैं जिनमें 14 साल की लड़की और दो लड़के जिनकी आयु 17 और 13 साल है। जो फिलहाल विशंभर के पास ही रहते हैं। विशंभर का कहना है कि उनके पड़ोसी रमेश वगैरह पहले बच्चों के माता-पिता के साथ मारपीट करते थे। अब वे रामकिशन के बच्चों से भी झगड़ा करते रहते हैं। आरोप है कि पड़ोसी रमेश के लड़के अक्सर नाबालिग लड़की को ताने देते रहते थे और फब्तियां कसते रहते थे। जिसकी वजह से लड़की ने जहर खाकर आत्महत्या की है।
मृतका के ममेरे भाई सतीश ने बताया कि जैसे ही लड़की ने जहर खाया तो उसकी सूचना उनके परिजनों को लग गई। उसे तुरंत हसन खां मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।
मेडिकल कॉलेज से इसकी सूचना मिल गई है। मृतक लड़की के परिजन जो भी शिकायत देंगे उन पर कार्रवाई होगी। शनिवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। - पुन्हाना थाना प्रभारी