हेडिंग: 20 राशन डीलरों को 3 दिन का रिमाइंडर नोटिस
जवाब न देने पर दुकानें होंगी निरस्त, लोगों को नहीं मिल रहा राशन
पीड़ित लोग जा रहे अधिकारियों के पास शिकायत लेकर
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में 72 हजार उपभोक्ताओं के नाम पर राशन डकारने वाले माफिया पर पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुशील कुमार तिवारी की ओर से 20 राशन विक्रेताओं को रिमाइंडर नोटिस भेजे गए हैं। अगर तीन दिन में जवाब नहीं दिया गया तो दुकान को निरस्त करने की कार्रवाई होगी। वहीं, इस कार्रवाई के कारण लोगों को दो जून की रोटी के लिए मोहताज होना पड़ रहा है। दो माह से लोगों को राशन नहीं मिल रहा है। बुधवार को कई फरियादी क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे और शिकायत की।
बरौला से कुंदन नोएडा सेक्टर-6 स्थित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कार्यालय गए। वहां पर उन्होंने शिकायत की कि दो माह से उनको राशन नहीं दिया गया है। जब भी जाते हैं तो बताया जाता है कि राशन कार्ड में कमी आ गई है। आरती शर्मा ने बताया कि दो साल से उनके पति का नाम राशन डीलर ने काट दिया था। अब तक करीब 30 चक्कर काट चुकी हैं, लेकिन पति का नाम नहीं जुड़ पाया है। अनाज पूरा नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में खाने के लाले पड़ गए हैं। कई बार निर्धारित दर से अधिक रुपये लेकर अनाज भी दिया जाता है। सेक्टर-8 निवासी सुनीता शर्मा ने कहा कि कई माह से राशन नहीं मिला है। इससे दो माह से उधार लेकर पेट भरा जा रहा है
हेल्पलाइन नंबर पर कर सकते हैं शिकायत
अगर कोई राशन विक्रेता राशन देने के लिए परेशान करता है या फिर अधिक दर पर बेचता है तो उसके खिलाफ क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुशील कुमार तिवारी को 9773656865 पर शिकायत की जा सकती है। गड़बड़ी मिलने पर जिन राशन डीलरों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उन सभी दुकानों को निलंबित करके दूसरे दुकानदारों से संबद्ध किया गया था। उन सभी दुकानदारों को जिलाधिकारी ने अनुमति दे दी है कि वह उसी डीलर की दुकान पर राशन वितरण कर सकता है जिसे निलंबित किया गया था, ताकि राशन लेने वाले पात्र लोगों को किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े। अगर किसी व्यक्ति को राशन डीलर परेशान करता है तो वह उनके नंबर पर शिकायत कर सकते हैं।