300 बिल्डरों ने नहीं दिया नोटिस का जवाब
- विभाग की ओर से फिर से पत्र भेजकर मांगा जाएगा जवाब
- सोसायटी निवासियों को सीधे कनेक्शन देने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। विद्युत विभाग की ओर से शहर के करीब 300 बिल्डरों को सर्वे कराने के लिए नोटिस दिए गए थे। नोटिस के एक माह बाद भी बिल्डरों ने विद्युत विभाग को कोई जवाब नहीं दिया है। अब जल्द ही विभाग फिर से चेतावनी भरा नोटिस भेजेगा। जिससे बिल्डर के रेजीडेंट को अलग-अलग कनेक्शन दिया जा सके।
मुख्य अभियंता एसके वर्मा ने बताया कि नोएडा में यूपीपीसीएल की ओर से बिजली खरीदकर उपभोक्ताओं को 8 से 10 रुपये प्रति यूनिट बेचने वाले करीब 300 बिल्डर हैं। पिछले दिनों सोसायटी निवासियों के लिए अलग-अलग कनेक्शन देने के लिए नियमावली पास हो गई थी। जिसके तहत यूपीपीसीएल की ओर से उपभोक्तओं को सीधे कनेक्शन देने का काम शुरू करना है। मगर उससे पहले बिल्डरों को सर्वे कराना था जिससे उनको बताया जा सके कि कहां पर किस तरह की केबल डाली जाएगी और मीटर पैनल कहां लगाए जाएंगे। इसके लिए यूपीपीसीएल की ओर से शहर के सभी बिल्डरों को नोटिस जारी कर अपने परिसर में बिजली का ढांचा तैयार कराने के लिए सर्वे कराने को कहा गया था।
मगर एक माह होने के बाद भी बिल्डरों ने जवाब नहीं दिए हैं। जल्द ही सभी (300)बिल्डरों को रिमाइंडर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर बिल्डर फिर भी जवाब नहीं देते हैं तो शासन को पत्र लिखा जाएगा और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।