भरी पंचायत में हथियार के बल पर दामाद ने ससुर को बनाया बंधक
पलवल। गुरुग्राम से अपनी बेटी का घर बसाने के लिए खटैला सराय में पंचायत करने आए एक व्यक्ति को उसी के दामाद ने अपने साथियों के साथ बंदूक के बल पर बंधक बना लिया और गाड़ी में जबरन बैठाकर रास्ते में रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर फेंककर भाग गए। पुलिस ने इस आरोप में 13 नामजद लोगों सहित 17 अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित व्यक्ति ने पलवल सदर थाने में मुकदमा दर्ज कराने के अलावा सोहना थाने में भी आरोपियों के खिलाफ एक शिकायत दी है। हालांकि अभी तक सोहना थाने में किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुग्राम के नुनैहरा निवासी अयूब ने सदर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसने अपनी बेटी रुकसार का निकाह गांव सराय खटेला निवासी अहमद पुत्र मोहम्मद के साथ किया था। शादी में हैसियतानुसार दान-दहेज भी दिया था, लेकिन बेटी के सुसराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। रुकसार पिछले एक-डेढ़ वर्ष से अपने पिता के घर ही रह रही है। इसी दौरान पीड़ित ने रुकसार के सुसराल पक्ष से उसे ले जाने की काफी कोशिशें की, इस पर उन्होंने 31 जुलाई को अपने गांव में पंचायत बुला ली। दोनों पक्षों की तरफ से गांव के स्कूल में पंचायत चल रही थी। इसी दौरान रुकसार का पति अहमद अचानक भड़क गया और उसने बंदूक से हवाई फायर कर अपने ससुर अयूब को बंधक बना लिया। वह अपने पिता मोहम्मद, साथी ताहिर, जाकिर, अहमद, सलीम, मुस्तफा, तौफीक, मुस्ताक, मुस्लिम, नायब, इसराइल, यूनुस व शौकत की मदद से उन्हें गाड़ी में डालकर ले गया। रास्ते में उक्त लोगों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और उसकी जेब से 11 हजार 500 रुपये लूट लिए। रिपोर्ट में कहा गया है कि जब आरोपी अयूब को अपने साथ कहीं ले जा रहे थे, तो सड़क पर जाम लगा मिला। इस कारण आरोपी पीड़ित को गाड़ी से सड़क पर फेंककर, जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। यहां से जाने के बाद अयूब ने आरोपियों के खिलाफ सोहना थाने में पहुंचकर भी शिकायत दी। वहां पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
--------------
जाम से बनी जान
बताया जा रहा है कि जब आरोपी पीड़ित को गाड़ी में बंधक बनाकर ले जा रहे थे, तब रास्ते में जाम मिला। इसके चलते आरोपियों ने उसे मारने जान से मारने की धमकी देकर सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए।