ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित डिजाइन आर्च सोसायटी में शनिवार को बिल्डिंग से गिरने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन किशोर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रणविजय ढाका (13) पुत्र तरुण कुमार ढाका के रूप में हुई है। वह डिजाइन आर्च सोसायटी में परिवार के साथ रहता था। शनिवार को रणविजय के बिल्डिंग से नीचे गिरने की सूचना थाना सूरजपुर पुलिस को मिली। घटना के बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है।