ग्रेटर नोएडा (संवाद)। जिम्स ने आरोहण-2026 में अपने चिकित्सा नवाचार केंद्र के जरिये 13 स्वास्थ्य नवाचारों का प्रदर्शन किया। 23 से 25 जुलाई तक आयोजित इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक चिकित्सा, दंत चिकित्सा, आयुर्वेद, होम्योपैथी तथा पशु चिकित्सा संस्थानों के विद्यार्थी, चिकित्सक और संकाय सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिम्स के निदेशक डॉ. ब्रिगेडियर राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। नवाचारों पर विशेष परिचर्चा में निवेश, रणनीतिक साझेदारी, वैश्विक सहयोग तथा तकनीकों के व्यावसायिक उपयोग की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।