दीया पांडेय के सिर सजा ‘फैशन एक्स क्वीन’ का ताज
गुरुग्राम। देशभर की 500 प्रतिभागियों के बीच 10 महीने तक चले फैशन एक्स क्वीन ब्यूटी कांटेस्ट का ताज आखिरकार ऋषिकेश की दीया पांडेय के सिर सजा। सोमवार देररात गुरुग्राम में आयोजित ग्रांड फिनाले में देहरादून की साक्षी फर्स्ट रनरअप और मेजबान गुरुग्राम की चंचल गोयल सेकेंड रनर अप रहीं।
सेक्टर-29 स्थित निजी होटल में आयोजित ग्रांड फिनाले में जज पैनल में बॉलीवुड के फिल्म प्रोड्यूसर एवं क्रिएटिव डायरेक्टर राकेश उपाध्याय, मिसेज इंडिया इंटरनेशनल रह चुकीं दीप्ति सैनी, फिल्म मेकर एवं एडवरटाइजिंग गुरू आर्यन आदित्य एवं राजीव गांधी कैंसर हॉस्पिटल दिल्ली की यूनिट हेड डॉ स्वरुपा मित्रा की मौजूदगी में 21 फाइनल प्रतिभागियों ने कई राउंड में प्रदर्शन किया। ग्रांड फिनाले में ऋषिकेश की 25 वर्षीया दीया पांडेय चुनी गईं। वहीं 18 वर्ष की देहरादून की साक्षी फर्स्ट रनर अप व गुरुग्राम की 20 वर्षीय सुंदरी चंचल गोयल सेकेंड रनर अप रहीं।
ऋषिकेश की रहने वाली दीया फिलहाल गुरुग्राम की एक नामी मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल दिल्ली के द्वारका में आयोजित ऑडिशन में वह फाइनलिस्ट चुनी गई थीं। विजेता बनने पर दीया को फिल्म, म्यूजिक एलबम, वेब सीरीज एवं प्रिंट शूट का कॉन्ट्रेक्ट दिया गया। इसके अलावा विजेता को 7 फरवरी को दुबई टूर व मलेशिया टूर का पैकेज भी दिया गया। फाइनल में चंडीगढ़ की मनजोत कौर को फैशन एक्स एनर्जी अवार्ड, दिल्ली की पायल जैन को पेलडो क्वीन अवॉर्ड, नेहा चौधरी और स्नेहा को मिस पर्सनैलिटी ऑफ फैशन एक्स अवॉर्ड, विनीता एवं श्वेता को मिस ब्यूटीफुल स्माइल, प्रवीन खान को मिस पॉपुलर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। आयोजक हरिंद्र डोगरा ने बताया कि 10 महीनों तक चले ब्यूटी कांटेस्ट में दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर, देहरादून, हरिद्वार, चंडीगढ़, लुधियाना, जालंधर, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद में देशभर से पहुंची 500 प्रतिभागियों के ऑडिशन हुए। जिसमें ग्रांड फिनाले में 21 प्रतिभागियों का चयन हुआ। ब्यूरो