कार डीलर हत्याकांड : दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
गुरुग्राम। गांव धनकोट में कार डीलर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। इन दोनों युवकों से मृतक महेंद्र वर्मा का पहले रुपयों के लेनदेन में विवाद हुआ था। पूछताछ के बाद इनसे कुछ ऐसा सुराग हाथ नहीं लगा है, जिससे वारदात में उनकी संलिप्तता पाई जाए। इसके अलावा पुलिस को मृतक के घर व कार्यालय से उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस मान रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी ही पिस्टल को लेकर फरार हो गए हैं।
राजेंद्रा पार्क थाना के अतिरिक्त प्रभारी उप निरीक्षक हरमेश ने बताया कि शक के आधार पर दीपक अरोड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी, लेकिन वारदात में उसकी संलिप्तता नहीं मिली है। मामले में डीसीआर खंगाली जा रही है। अब तक जो सुराग पुलिस के हत्थे लगे हैं उनसे न तो वारदात का कारण और न ही आरोपियों का स्पष्ट सुराग हाथ लगा है।
बता दें कि 4 नवंबर की रात को ज्योति पार्क निवासी महेंद्र वर्मा अपनी गाड़ी से फर्रूखनगर गए थे। देर रात अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें गांव धनकोट में गोली मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एक सप्ताह का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों का पता नहीं लगा पाई है।