आग के गोले में तब्दील हुई सड़क पर दौड़ती कार
गुरुग्राम। दिवाली पर दोस्तों-रिश्तेदारों को कार से उपहार देने निकले एक व्यक्ति की होंडा सिटी गाड़ी में राजीव चौक फ्लाईओवर पर धमाके के साथ आग लग गई। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई। कार चला रहे राकेश ने हड़बड़ी में चलती कार से कूदकर जान बचाई। जलती कार सड़क पर दौड़ती रही और एक ऑटो में टक्कर मार दी। करीब 300 मीटर तक दौड़ने के बाद जलती कार डिवाइडर से जा टकराई और रुक गई। दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। जलती कार को देखने के लिए एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की लाइन लग गई।
दमकल के वरिष्ठ अधिकारी ईशम सिंह कश्यप ने बताया मंगलवार देर शाम राकेश अपनी होंडा सिटी कार में निकला था। वह गुरुग्राम से दिल्ली की तरफ जा रहा था। जब गाड़ी राजीव चौक फ्लाईओवर के पास पहुंची तो अचानक गाड़ी धमाका हुआ। राकेश के अनुसार, उसने आवाज कहां से आ रही है यह जानने के लिए पीछे देखा तो कार में आग की लपटें निकलती देखी। उसने तुरंत गाड़ी में इमरजेंसी ब्रेक लगाए और चलती कार से कूद गया। ब्रेक लगने के बाद भी कार आग के गोले की तरह आगे बढ़ती रही। राकेश ने शोर मचाकर आगे चल रहे वाहनों को हटवाया और दमकल को सूचना दी। गाड़ी में आग देखकर एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की कतार लग गई। लोग इसकी वीडियो बनाने लगे। करीब 40 मिनट बाद एक्सप्रेस-वे पर यातायात सुचारु हो पाया।