पुरकाजी। खादर क्षेत्र की सोलानी नदी का जल स्तर बढ़ने के चलते महीनों तक ग्रामीणों का आवागमन नाव के सहारे रहेगा। नदी में 12 फीट पानी भरा है।
खादर क्षेत्र में बारिश और नदी में उत्तराखंड से आने वाले पानी के कारण परेशानी बढ़ जाती है। रविवार को सोलानी नदी में पानी बढ़ जाने से नदी उफान पर आ गई थी। पानी नदी से बाहर निकलकर खेतों में भर जाने के साथ ही गांवों के रास्तों पर आ गया था।
गांव भदोला, पांचली, रामनगर, रजगल्ला पुर, शेरपुर नगला ,रतन पुरी, चमारावाला, अल्मावाला, जिंदा वाला, सुहेली, भैंसली वाला गांवों के रास्तों पर पानी आ जाने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया था।धीरे धीरे सोलानी नदी का जल स्तर कम तो हो रहा है।
लेकिन सोलानी नदी में अभी भी करीब 12 फीट पानी होने से ग्रामीणों को नाव में बैठकर ही नदी पार करनी पड़ रही है। ग्रामीण सुनील कुमार बारी, राजू प्रजापति, यादराम प्रजापति, गुलशन कुमार, साधु राम, बिजेंद्र सिंह, ओमपाल, छोटे लाल, धर्म सिंह का कहना है कि खेतों में पानी भरा होने से पशुओं के लिए हरे चारे की समस्या बनी हुई है।