- नेशनल चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में 300 विद्यार्थियों ने पेश किए मॉडल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 स्थित सीता एसआरएम इंजीनियरिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को नेशनल चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस-2026 (उत्तर प्रदेश पश्चिम) का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों के करीब 300 विद्यार्थियों ने अपने विज्ञान मॉडल और नवाचारी प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बाद जूनियर और सीनियर वर्ग से कुल 12 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने विद्यार्थियों के मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में समस्या का समाधान खोजने की अद्भुत क्षमता है। ऐसे आयोजन बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक शोध और प्रयोग करने के लिए प्रेरित करते हैं।
जिला समन्वयक डॉ. अर्चना शिरोमणि ने बताया कि निर्णायक मंडल ने सभी प्रोजेक्ट का उनकी वैज्ञानिक अवधारणा, उपयोगिता और नवाचार के आधार पर मूल्यांकन किया। चयनित 12 बाल वैज्ञानिक राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला सह-समन्वयक डॉ. सपना आर्या ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि और शोध की भावना विकसित करना है। समापन पर चयनित प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।