कैमरे के सामने पुलिस ने दोहाया क्राइम सीन
गुरुग्राम। सेक्टर-66 में तीन वर्षीय मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सुनील (20) से क्राइम सीन रीक्रिएट करवाया। शुक्रवार को कैमरे के सामने सीन को दोहराया गया। इस दौरान एफएसएल टीम भी मौके पर थी, जिसने आरोपी की निशानदेही पर सुराग भी एकत्र किए। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने किस तरह से बच्ची को बहलाकर अपने जाल में फंसाया और किस तरह से वह वारदात स्थल पर पहुंचा। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर झांसी रवाना हो गई। जिस मंदिर के पास आरोपी ने कपड़े बदले थे, वहां से पुलिस ने कपड़े बरामद किए हैं, जिन्हें लेकर टीम वापस लौट आई।
झांसी जाने से पहले दिल्ली पुलिस टीम ने भी आरोपी से पूछताछ की। जिसके बाद उसे अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी की जा रही है। आरोपी द्वारा कबूली गई दिल्ली की वारदात को पूछताछ में दिल्ली पुलिस ने कंफर्म किया है, जिसके बाद दिल्ली पुलिस उसकी जांच में जुट गई है। सूत्रों ने बताया कि प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी से वारदात की निशानदेही करवाई जानी है।
बता दें कि 11 नवंबर की सुबह घर के बाहर से खेलते हुए 3 वर्षीय मासूम गायब हो गई थी। अगले दिन सुबह मासूम का शव नग्न अवस्था में भूस गोदाम में पड़ा हुआ मिला था। दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले में मूल रूप से महोबा (उत्तर प्रदेश) निवासी सुनील को गिरफ्तार किया था, जिसने रिमांड के दौरान 10 वारदात कबूल की हैं।
मंगलवार को आरोपी का 8 दिन का रिमांड पूरा होने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा। सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध (पश्चिम) उषा कुंडू ने बताया कि आरोपी ने रिमांड पर जो भी वारदात बताई हैं, उनकी निशानदेही करवाई जा रही है।