बिजली चोरी पर लगाया गया जुर्माना
नोएडा। बिजली चोरी के मामले में मोटा जुर्माना लगने के बाद लोगों को यह राशि एकमुश्त अदा करना भारी पड़ रहा था, इसलिए अब विभाग ने इसे 4 किस्तों में अदा करने की योजना बनाई है। हालांकि, 40 फीसदी जुर्माना पहली ही किस्त में देना होगा। अधीक्षण अभियंता एके सिंह ने बताया कि इन दिनों बिजली चोरी के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। चोरी करने वाले लोगों पर मोटी रकम जुर्माने के साथ बन जाती है। उस रकम को जमा करने में बिजली चोरी करने वालों की हालत खराब हो रही थी। कुछ लोगों ने निगम और ऊर्जा मंत्री के समक्ष गुहार लगाई थी कि उनकी राशि को किस्तों में कर दिया जाए। इसे निगम और ऊर्जा मंत्री की ओर से स्वीकृति दे दी है और अब जुर्माना राशि को 4 किस्तों में जमा कराया जा सकेगा।
-----------
बिजली व बकायेदारों के खिलाफ अभियान
नोएडा। देहात क्षेत्र में विद्युत विभाग की ओर से बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया। बृहस्पतिवार को सादुल्लापुर, रोजा, जलालपुर आदि समेत कई गांवों में जांच की गई। सादुल्लापुर गांव पर करीब 3 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें लोगों के कनेक्शन काट दिए गए थे। इसके बाद फिर से ग्रामीणों ने कनेक्शन जोड़ लिए थे और विभाग ने फिर से छापेमारी की तो करीब 35 लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी का मामला दर्ज कराया गया। यदि विभाग की ओर से कनेक्शन काट दिया जाता है और उपभोक्ता बिना विभाग की अनुमति के केबल जोड़कर बिजली का प्रयोग करता है तो वह चोरी हो जाती है। इस पर 35 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसी तरह नोएडा के भी कई गांवों में अभियान चलाकर छापेमारी की गई। ब्यूरो