प्रदूषण मुक्ति के लिए किया जागरूक
प्रदूषण नियंत्रण विभाग के कार्यक्रम में शामिल हुए प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में नोएडा प्राधिकरण के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित हुए। यहां क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण विभाग की ओर से शहर को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने एनजीटी के लक्ष्य को बताया और इस दिशा में आगे प्रभावी कदम उठाने को प्रेरित किया। प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी जागरूकता के लिए अपील की।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नोएडा के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एनजीटी ने शहर को वायु प्रदूषण से मुक्त करने के लिए सभी विभागों को उत्तरदायित्व सौंपा है। जिलाधिकारी प्रत्येक शुक्रवार को सभी विभागों की बैठक में इस दिशा में हो रहे प्रयासों की समीक्षा करते हैं। सोमवार को प्राधिकरण के सभी वर्क सर्किल के अधिकारियों-कर्मचारियों, ठेकेदारों, वेंडरों और अन्य को बुलाया गया था। उनको दायित्व समझाकर शहर को साफ रखने के लिए किए जाने वाले प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही, जागरूकता बढ़ाने की दिशा में काम करने को कहा गया। कार्यक्रम के दौरान ईपीसीए के अध्यक्ष भूरेलाल के निर्देशों और भारत सरकार के शासनादेश की प्रति बांटी गई। इसमें प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए किए जाने वाले कार्यों का विवरण है। कार्यशाला में प्राधिकरण के जीएम राजीव त्यागी, उद्यान विभाग के डिप्टी डायरेक्टर, डीजीएम हेल्थ और सभी विभाग के कर्मचारी, प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अभियंता उत्सव शर्मा उपस्थित रहे।