लावारिस कुत्ते ने बच्चे को काटा, हंगामा
- शिकायत के बाद कुत्तों को ले जाने के लिए सुपरटेक ईको सिटी पहुंची एसपीसीए की टीम को रोका
- सोसायटी निवासियों ने पुलिस से की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। लावारिस कुत्ते के काटने की शिकायत के बाद सोसायटी पहुंची एसपीसीए की टीम जब कुत्ते को लेकर जाने लगी तो लोगों से इसका विरोध कर दिया। सेकटर-137 स्थित सुपरटेक ईको सिटी में इसको लेकर करीब तीन घंटे हंगामा होता रहा। जिसके बाद एसपीसीए की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। मामले में सोसायटी के निवासी कुछ लोगों ने पुलिस से शिकायत की है।
सेक्टर-137 स्थित सुपरटेक ईको सिटी में लावारिस कुत्ते ने एक बच्चे को काट लिया। सोसायटी निवासी वेदपाल सिंह ने बताया कि घटना से नाराज कुछ लोगों ने एसपीसीए और प्राधिकरण से मामले की शिकायत की। मौके पर पहुंची एसपीसीए की टीम लावारिस कुत्तों को पकड़ कर ले जानी लगी। जिसका कुछ लोगों ने विरोध कर दिया। ऐसे में टीम को खाली हाथ जाना पड़ा। इसको लेकर सोसायटी में करीब 2 से 3 घंटे तक हंगामा हुआ। जिसके बाद पीड़ित पक्ष की ओर से सोसायटी के संजीव अरोड़ा, रितु अरोड़ा, सुनील मैथ्यूज व अन्य ने मामले की लिखित शिकायत थाने में दी। लोगों का कहना है कि पिछले दो सालों में लावारिस कुत्तों की संख्या बढ़ गई है। आए दिन कुत्ते बच्चों और बुजुर्गों को काटते हैं। इससे उनमें भय व्याप्त है।