चाइल्ड पीजीआई में रेडियोथैरेपी
से होगा कैंसर का इलाज
- स्वास्थ्य विभाग की टीम जल्द करेगी अस्पताल का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। चाइल्ड पीजीआई में रेडियोथैरेपी से भी कैंसर का इलाज हो सकेगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल के निरीक्षण के लिए आएगी। अनुमति मिलते ही रेडियोथैरेपी से भी इलाज शुरू हो जाएगा। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि कैंसर पीड़ित बच्चों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।
चाइल्ड पीजीआई में बच्चों के सभी तरह के कैंसर का इलाज होता है। यहां पर हर माह करीब दो नए कैंसर पीड़ित बच्चे इलाज के लिए आते हैं। हर दिन 20 से 25 कैंसर पीड़ित बच्चों की ओपीडी होती है। चाइल्ड पीजीआई कैंसर पीड़ित बच्चों के इलाज का पहला इंस्टीट्यूट है। ऐसे में यहां पर सभी तरह की सुविधाएं धीरे-धीरे करके बढ़ाई जा रही हैं। यहां पर अभी कीमोथैरेपी के अलावा अन्य तरीकों से कैंसर का इलाज किया जा रहा है, लेकिन रेडियोथैरेपी की सुविधा नहीं है। जबकि कई मामलों में कैंसर के इलाज में रेडियोथैरेपी की भी जरूरत पड़ती है।
चाइल्ड पीजीआई के निदेशक डॉक्टर डीके गुप्ता ने बताया कि रेडियोथैरेपी के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही स्वास्थ्य विभाग की टीम निरीक्षण के लिए यहां आएगी। अगर अनुमति मिली तो ये सुविधा भी यहां शुरू हो जाएगी। हमारा उद्देश्य कैंसर पीड़ितों को सभी तरह की सुविधा देना है। उम्मीद है कि कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए ये सुविधा शुरू हो सकेगी।
-------
- डेंगू की रोकथाम के लिए हुई बैठक
डेंगू की रोकथाम को लेकर चाइल्ड पीजीआई प्रशासन की मंगलवार को जिला अस्पताल में बैठक हुई। इस दौरान अस्पताल परिसर में पानी न जमा न होने देने के निर्देश दिए गए। निदेशक ने बताया कि अस्पताल के बेसमेंट में रोजाना फॉगिंग कराई जा रही है। हालांकि इस बार डेंगू के बहुत ज्यादा मामले नहीं आए हैं। इसके साथ ही अस्पताल ने नोटिस बोर्ड के जरिये सभी स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि कोई भी खाना खाने के लिए घर पर नहीं जाएगा। अस्पताल प्रशासन को ऐसी शिकायतें मिली रही थी कि नाइट ड्यूटी का स्टाफ ड्यूटी छोड़कर रात को खाना खाने घर चले जाते हैं। इससे काम प्रभावित होता है। इसलिए अस्पताल प्रशासन ने नोटिस बोर्ड पर निर्देश चस्पा किए हैं।