छात्रसंघ चुनाव : मतदान आज, प्रचार में झोंकी ताकत
गुरुग्राम। हरियाणा में 22 वर्ष बाद आज छात्रसंघ चुनाव होगा। अप्रत्यक्ष तरीके से हो रहे इस छात्रसंघ चुनाव में कॉलेज स्तर पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव व सचिव का चुनाव किया जाएगा। जिले के पांच कॉलेजों में मतदान होगा। इसमें सेक्टर-14 राजकीय महिला कॉलेज, रेलवे रोड के द्रोणाचार्य कॉलेज, सेक्टर-9 स्नातकोत्तर कॉलेज, सेक्टर-40 यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ एंड मैनेजमेंट और राजकीय कॉलेज सिद्धरावली शामिल हैं। इन कॉलेजों में 177 कक्षा प्रतिनिधि (सीआर) चार पदों के लिए मतदान करेंगे। लंबे समय बाद हो रहे इस चुनाव में केवल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) से जुड़े उम्मीदवार ही शामिल हैं। एनएसयूआई और इनसो द्वारा चुनाव के बहिष्कार के कारण इनके सीधे तौर पर कोई उम्मीदवार नहीं हैं। हालांकि इन संगठनों से जुड़े कई उम्मीदवार निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। अंतिम दिन प्रचार में ताकत झोंक दी।
रैली निकालकर किया शक्ति प्रदर्शन
सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में रैली निकाली गई। रैली में करीब 50 छात्राओं ने हिस्सा लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला सुरक्षा, साफ-सफाई व अन्य समस्याओं का समाधान कराने की बात कह अपने लिए वोट मांगे। वहीं द्रोणाचार्य में पोस्टर पर छात्रों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। सेक्टर-9 में भी उम्मीदवारों ने पोस्टर लगाकर और बैंड देकर वोट की अपील की।
कॉलेज प्रबंधन तैयारी में जुटे रहे
शहर के महाविद्यालयों में कॉलेज प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। चुनाव से एक दिन पहले कॉलेज प्रबंधन चुनाव की तैयारी में जुटे रहे। बैलेट बॉक्स से लेकर मतदान कराने की जगह निर्धारित की गई। वहीं सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
द्रोणाचार्य कॉलेज की प्रधानाचार्य सुनीता ढिल्लन ने बताया कि चुनाव को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से इंतजाम रहेंगे। जिन सीटों पर कोई सीआर नहीं बना है, वहां कॉलेज टॉपर को खड़ा किया जाएगा।