अट्टा मार्ग पर चाइना कट बंद होने से नाराज सेक्टर-18 बाजार के कारोबारियों को राहत मिली है। शुक्रवार को चाइना कट पर अस्थायी डबल यू-टर्न बनाकर बाजार की राह आसान की गई। वहीं, जाम से निपटने के लिए अट्टा मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग ने सवारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया गया।
ग्राहकों की कमी से शहर का मिनी कनॉट प्लेस कहे जाने वाले इस बाजार पर मंडरा रहे खतरे का मुद्दा अमर उजाला ने 13 सितंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद मार्केट एसोसिएशन ने चाइना कट के दोनों ओर 50-50 मीटर की दूरी पर स्थायी डबल यू-टर्न बनाने का सुझाव नोएडा प्राधिकरण व ट्रैफिक पुलिस को दिया।
कट बंद होने से कारोबारियों में बढ़ रही नाराजगी को देखते हुए फौरी तौर पर राहत देने के लिए शुक्रवार को चाइना कट पर अस्थायी डबल यू-टर्न बना दिया गया। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक पहले चाइना कट को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था, लेकिन शुक्रवार को कट को बीच से बंद रखकर दोनों किनारों पर यू-टर्न बना दिए गए, ताकि सेक्टर-18 से निकलने वाले वाहन सीधे अट्टा अंडरपास और भंगेल की तरफ जा सकें। इसके अलावा अट्टा पीर की तरफ से आने वाले वाहन भी आसानी से सेक्टर-18 में प्रवेश कर सकेंगे।