-पांच लोगों पर सिंडिकेट बनाकर धोखाधड़ी का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली निवासी एक दंपती ने सेक्टर-90 स्थित भूटानी इंफ्रा से जुड़े अधिकारियों और प्रॉपर्टी डीलरों पर 1.09 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस ने दिल्ली निवासी शिवदत्त शर्मा, भूटानी के सीईओ आशीष भूटानी व सेल्स मैनेजर आदित्य राज सक्सेना और राम एम्पायर के डायरेक्टर विदित शर्मा व मैनेजर चिराग शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दिल्ली के गांधी नगर निवासी होरीलाल और उनकी पत्नी सीमा गुप्ता गाजियाबाद में पान की दुकान चलाते हैं। एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात प्रॉपर्टी डीलर आदित्य राज सक्सेना से हुई, जिसने उन्हें व्यावसायिक यूनिट दिलाने का भरोसा दिलाया। उसने उन्हें शिवदत्त गौर शर्मा से मिलवाया और बताया कि वह ग्रेनो स्थित साइबरथुम प्रोजेक्ट में अपनी दुकान बेचना चाहते हैं। दुकान की कीमत 65.28 लाख रुपये तय हुई।
उन्होंने 1.09 करोड़ रुपये अलग-अलग किश्तों में आरोपियों को दे दिए। इसके बावजूद न तो दुकान का स्वामित्व शिकायतकर्ता के नाम किया गया और न ही वैध ट्रांसफर किया गया। उल्टा आरोपी अतिरिक्त 30 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। मुख्य आरोपी आदित्य सक्सेना के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।