दीवार गिरने से बच्चे की मौत का मामला
----------------------------------
हेडिंग: भूखंड पर सुरक्षा के उपायों की होगी जांच
उपनिदेशक कारखाना करेंगे सुरक्षा के मानकों की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-63ए बहलोलपुर में दीवार गिरने से हुई बच्चे की मौत को लेकर उपनिदेशक कारखाना मामले की जांच करेंगे। इसमें देखा जाएगा कि भूखंड स्वामी ने काम करने वालों की सुरक्षा को लेकर क्या-क्या कदम उठा रखे थे।
दरअसल, नोएडा में निर्माणाधीन भवनों में हो रही घटनाओं को लेकर उपनिदेशक ओपी भारती (कारखाना) ने ऐसे भूखंडों की जांच करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा बहलोलपुर में बेसमेंट की दीवार गिरने से हादसे में हुई बच्चे की मौत को उन्होंने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की वह जांच कराएंगे और काम करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए उपायों में यदि लापरवाही पाई गई तो भूखंड स्वामी के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि यदि बेसमेंट में काम कराया जा रहा है तो वहां पर हेलमेट, बूट, जाल और शटरिंग की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। यदि ऊपर काम कराया जा रहा है तो अच्छी गुणवत्ता का जाल निर्माणाधीन भवन में होना चाहिए, ताकि कोई घटना हो तो जाल पर पहुंचकर श्रमिक को बचाया जा सके। वहीं, श्रम विभाग के डिप्टी कमिश्नर पीके सिंह का कहना है कि वह इस मामले में देखेंगे भूखंड स्वामी ने श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन कराया था या नहीं और उन्होंने लेबर सेस जमा कराया है या नहीं। इसकी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
मामला दबाने की रही कोशिश
नोएडा सेक्टर-63ए में बेसमेंट की दीवार गिरने से हुए हादसे में बच्चे की मौत हो गई थी। घटना की पुलिस को समय से जानकारी मिल गई थी और पुलिस ने ही घायलों को अस्पताल में भी भर्ती कराया था, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने इस घटना को सार्वजनिक नहीं किया। चूंकि शाहबेरी में भवन गिरने का रेस्क्यू आपरेशन समाप्त हो गया था। पुलिस और प्रशासन को डर था कि कहीं मीडिया को इस घटना की भनक लग गई तो यहीं पर जमावड़ा लग जाएगा। जानकार लोगों का कहना है कि पुलिस-प्रशासन की ओर से छोटी-छोटी सूचनाओं को सोशल मीडिया पर डाला जाता है, लेकिन ऐसी घटना को छिपाया गया है।