औद्योगिक सेक्टरों में गंदगी से उद्यमी नाराज
-प्राधिकरण अधिकारियों के साथ किया सेक्टर-5 का दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सरकार स्वच्छ भारत मिशन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है, लेकिन औद्योगिक सेक्टरों में फैली गंदगी उद्यमियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सोमवार को नोएडा एंटरप्रिनियोर्स एसोसिएशन (एनईए) के पदाधिकारियों ने प्राधिकरण अधिकारियों के साथ सेक्टर-5 का दौरा किया। इस दौरान सेक्टर में अतिक्रमण और गंदगी की समस्या को लेकर उद्यमियों ने खासी नाराजगी जताई।
एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन ने कहा कि सड़कों पर रेहड़ी, खोमचे, पटरी बाजार, झुग्गी-झोपड़ी वालों ने कब्जा जमा रखा है। ये लोग सड़कों पर गंदगी फैला देते हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से उद्यमी अपनी ही इकाइयों के अंदर प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं। वरिष्ठ परियोजना अभियंता एसके गुप्ता ने कहा कि जल्द ही यहां कूड़ाघर का निर्माण कराया जाएगा। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस मौके पर महासचिव वीके सेठ, सचिव कमल कुमार, सह कोषाध्यक्ष नीरु शर्मा, पवन जैन सहित कई उद्यमी मौजूद रहे।