चार लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी ने शुक्रवार को मल्कानगिरी पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया। सोमी सोढ़ी (33) नाम की इस महिला माओवादी पर वर्ष 2016 में कालियाजोड़ी के जंगल में बीएसएफ के दो जवानों की हत्या समेत हत्या के कई अन्य वारदातों में शामिल होने का शक है।
मल्कानगिरी के एसपी जगमोहन मीणा ने कहा कि सोमी पर वर्ष 2010 में जवानों को ले जा रहे वाहन को विस्फोट से उड़ाने, सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में शामिल रहने और मोबाइल टावर क्षतिग्रस्त करने समेत कई वारदातों में शामिल रहने का संदेह है।
सोमी भाकपा (माओवादी) के बोइपारीगुडा क्षेत्रीय कमेटी की सहायक कमांडेंट थी और मल्कानगिरी-विशाखा-कोरापुट सीमा पर 2005 से 2017 तक तैनात रही है। समर्पण के बाद सोमी को ओडिशा सरकार की पुनर्वास योजना के तहत आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही उसे घर बनाने के लिए पैसे और शिक्षा व रोजगार के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।